प्रधानमंत्री लायक नहीं मोदी और राहुल
आगरा [जागरण संवाददाता]। साहित्य के मंच से सियासत की समीक्षा करते हुए मशहूर लेखिका शोभा डे ने कांग्रेस और भाजपा के 'भविष्य' पर सवाल खड़े कर दिए। उन्होंने कहा कि जनता अभी गोधरा कांड को भूली नहीं है। नरेंद्र मोदी प्रधानमंत्री बने तो भारत की स्थिति चीन जैसी हो जाएगी। वहीं कांग्रेस के युवराज राहुल गांधी महज 'भैयाजी' बन कर रह गए हैं।
आगरा [जागरण संवाददाता]। साहित्य के मंच से सियासत की समीक्षा करते हुए मशहूर लेखिका शोभा डे ने कांग्रेस और भाजपा के 'भविष्य' पर सवाल खड़े कर दिए। उन्होंने कहा कि जनता अभी गोधरा कांड को भूली नहीं है। नरेंद्र मोदी प्रधानमंत्री बने तो भारत की स्थिति चीन जैसी हो जाएगी। वहीं कांग्रेस के युवराज राहुल गांधी महज 'भैयाजी' बन कर रह गए हैं।
यहां डीपीएस शास्त्रीपुरम में ताज साहित्य उत्सव के दूसरे दिन शनिवार को पहले सत्र की शुरुआत मशहूर लेखिका शोभा डे और एड गुरु के रूप में प्रख्यात विज्ञापन फिल्मों के निर्देशक प्रहलाद कक्कड़ के पैनल डिस्कशन से हुई। साहित्य के साथ सियासत पर गरम चर्चा शुरू हो गई। लेखिका शोभा डे दो टूक कहा कि नरेंद्र मोदी गुजरात के नेता हैं। वह प्रधानमंत्री नहीं बनाया जा सकता। देश की जनता के दिमाग से गोधरा कांड की यादें मिटाने के लिए मोदी को राष्ट्र स्तर पर बहुत काम करना होगा। उन्होंने कहा कि अहमदाबाद के बाहर निकल कर देखें तो गुजरात की असली तस्वीर नजर आएगी। अमीर तो अमीर हुए हैं, जबकि गरीब और भी गरीब।
एड गुरु प्रहलाद कक्कड़ और भाजपा की राष्ट्रीय सचिव वाणी त्रिपाठी ने मोदी के पक्ष में तर्क दिए तो शोभा डे का कहना था कि भाजपा इतनी उतावली है तो मोदी को खुल कर प्रधानमंत्री पद का दावेदार क्यों घोषित नहीं कर रही। उन्होंने कहा कि नरेंद्र मोदी इसलिए प्रधानमंत्री पद के दावेदार दिख रहे हैं, क्योंकि लीडरशिप में कमी आई और दूसरा कोई विकल्प नजर नहीं आ रहा।
इसके बाद शोभा डे ने कांग्रेस की खबर ली। उन्होंने कहा कि मोदी की तरह राहुल गांधी भी 'अनटेस्टेड' हैं। वह सिर्फ भैयाजी बनकर रह गए हैं। इस वक्त देश को एक भैयाजी और एक जीजाजी (रॉबर्ट वाड्रा) चला रहे हैं। भैयाजी मम्मी का हाथ पकड़ कर चल रहे हैं। उनके पिता [राजीव] को भी राजनीति से मतलब नहीं था, लेकिन अचानक प्रधानमंत्री बना दिए गए।
मीरा, सुषमा और प्रियंका बढ़ाएंगी पीएम पद की शोभा: शोभा डे का मानना है कि मीरा कुमार, सुषमा स्वराज और प्रियंका गांधी प्रधानमंत्री बनकर अच्छा नेतृत्व कर सकती हैं।
माया आत्मचिंतन करें: उ.प्र. की पूर्व मुख्यमंत्री मायावती को शांत रह कर अभी सिर्फ आत्मचिंतन करने की जरूरत है।
मुलायम परिवार पर भी ली चुटकी
शोभा डे ने अपनी 18वीं पुस्तक सेठजी में राजनीति समेत समाज के विभिन्न क्षेत्रों में जनमानस को हिला देने वाली घटनाओं को संजोने का दावा किया। उन्होंने सपा सुप्रीमो मुलायम सिंह का बिना नाम लिए कहा कि सेठजी नाम का पात्र गठबंधन राजनीति के युग में राष्ट्रीय राजनीति का अहम हिस्सा है।
वह उत्तर प्रदेश की तरह अपनी पुत्रवधू अमृता को राजनीति में उतार देता है। उनका इशारा मुलायम सिंह की पुत्रवधू डिंपल बीते वर्ष ही कन्नौज से सांसद बनाने की ओर था।
राबर्ट बढेरा पर भी की टिप्पणी
चर्चा के दौरान प्रहलाद कक्कड़ द्वारा राजनीति में नैतिकता और अनैतिकता का जिक्र छेड़ने पर उनका कहना था कि इसके बीच में बहुत पतली लाइन है। राजनीति में अनैतिकता की राह पर चलने वालों की संख्या ज्यादा है, इसी परिपेक्ष्य में उन्होंने राबर्ट बढेरा को जीजाजी ऑफ कंट्री संबोधित करते हुए उनके बनाना डेमोक्रेसी और मैंगो पीपुल वाले बयान को दोहराया।
केजरीवाल के पास नहीं पॉलिटिकल विजन: लेखिका शोभा डे ने कहा कि अरविंद केजरीवाल सामाजिक कार्यकर्ता के रूप में बहुत ताकतवर थे, लेकिन उनके पास पॉलिटिकल विजन नहीं है। आम आदमी पार्टी अभी नाजुक और नई है, वह सरकार नहीं चला सकती। केजरीवाल ने देश की सेवा की है, लेकिन उनकी पार्टी के उम्मीदवारों पर कैसे भरोसा किया जा सकता है।
मोबाइल पर ताजा खबरें, फोटो, वीडियो व लाइव स्कोर देखने के लिए जाएं m.jagran.com पर