11 बच्चों के पिता ने 13 वर्षीय बेटी से किया दुष्कर्म
निर्मल नगर पुलिस ने 11 बच्चों के 32 वर्षीय पिता को अपनी ही 13 साल की लड़की के दुष्कर्म के आरोप में गिरफ्तार किया है। वह पिछले दो महीनों से बच्ची के साथ दुष्कर्म कर रहा था।
मुंबई। निर्मल नगर पुलिस ने 11 बच्चों के 32 वर्षीय पिता को अपनी ही 13 साल की लड़की के दुष्कर्म के आरोप में गिरफ्तार किया है। वह पिछले दो महीनों से बच्ची के साथ दुष्कर्म कर रहा था।
घटना का खुलासा तब हुआ, जब लड़की ने पिछले दो महीनों से हो रही ज्यादती के बारे में अपनी मां को बताया। बच्ची की मां ने तत्काल ही पुलिस में एफआईआर दर्ज कराई, जिसके बाद पुलिस ने आरोपी पिता को रविवार को गिरफ्तार कर लिया।
पुलिस के अनुसार, आरोपी बच्ची को यह धमकी देकर दुष्कर्म करता रहा कि यदि उसने इसके बारे में किसी को बताया, तो वह उसके सभी भाई-बहनों को मार डालेगा। इस घटना के बाद से लड़की सदमे में है।
पिछले हफ्ते लड़की की तबीयत खराब होने पर जब उसकी मां ने पूछा, तो बच्ची ने बताया कि उसके साथ कई बार पिता ने दुष्कर्म किया है।
इसके बाद बच्ची की मां उसे पुलिस स्टेशन ले गई और वहां पर अपने पति के खिलाफ एफआईआर दर्ज कराई। मेडिकल रिपोर्ट में भी बच्ची के साथ दुष्कर्म किए जाने की पुष्िट हो गई है। पुलिस अधिकारियों के अनुसार, आरोपी पिता एक निजी कंपनी में ड्राइवर का काम करता है।
दो पत्नियों से उसके 11 बच्चे हैं। आरोपी की पत्नियां भी निजी कंपनी में काम करती हैं। आरोपी को बांद्रा की मेट्रोपॉलिटन मजिस्ट्रेट की कोर्ट में सोमवार को पेश किया गया, जहां से उसे पुलिस कस्टडी में भेज दिया गया।