भाजपा का हिमाचल प्रदेश में भी उत्तराखंड जैसी जीत का लक्ष्य
गुजरात से यह इस मायने में अलग है कि उत्तराखंड की तरह ही यहां भाजपा को दोबारा सत्ता हासिल करनी है।
नई दिल्ली, जागरण ब्यूरो। पहाड़ी राज्य उत्तराखंड में अभूतपूर्व विजय के बाद साल अंत तक होने वाले हिमाचल प्रदेश चुनाव को लेकर भाजपा में कुछ ऐसी ही रणनीति पर काम शुरू हो चुका है। माना जा रहा है कि जल्द ही नए प्रदेश अध्यक्ष और प्रदेश प्रभारी की नियुक्ति भी हो जाएगी। आने वाले दिनों में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और पार्टी अध्यक्ष अमित शाह का ध्यान भी हिमाचल पर केंद्रित होगा।
हिमाचल भाजपा के लिए अहम है। गुजरात से यह इस मायने में अलग है कि उत्तराखंड की तरह ही यहां भाजपा को दोबारा सत्ता हासिल करनी है। कांग्रेस मुख्यमंत्री वीरभद्र सिंह के खिलाफ भ्रष्टाचार के मामले हो रही कार्रवाई ने पार्टी को बल भी दे दिया है। वहीं पार्टी अध्यक्ष ने स्पष्ट कर दिया है कि हिमाचल में भी उत्तराखंड की तर्ज पर ही दो तिहाई बहुमत चाहिए। लिहाजा पीएम और शाह के दौरे भी होंगे।
सितंबर तक शाह ने विभिन्न राज्यों के लिए जो 95 दिनों का दौरा तय किया है उसमें हिमाचल प्रदेश प्रमुखता में होगा। पर उत्तराखंड से अलग हिमाचल में मुख्यमंत्री दावेदार का चेहरा थोड़ा साफ होगा। गौरतलब है कि शाह के फार्मूले के आधार पर पूरे राज्य में पन्ना प्रमुखों को तैनात कर दिया गया है।
यह भी पढ़ें: MCD चुनाव: 'दिल्ली को ड्रामा, जुमला और घोटालों से मुक्ति दिलाने का मौका'