किकस्टार्टर से हिरल ने मांगे 13 लाख, मिले 60.96 करोड़ रु.
हिरल का यह प्रोजेक्ट वेबसाइट के इतिहास में सबसे कामयाब अभियानों में शूमार हो गया है।
शिकागो। कहावत है 'ऊपरवाला जब भी देता है, छप्पड़ फाड़ कर देता है।' शिकागो निवासी भारतीय मूल के युवा उद्यमी हिरल संघवी के साथ भी ऐसा ही हुआ है। यहां देने वाला भगवान नहीं बल्कि क्राउडफंडिंग वेबसाइट किकस्टार्टर है। अपने बहुउपयोगी ट्रेवल जैकेट के लिए हिरल ने करीब सवा 13 लाख रुपए (20 हजार डॉलर) मांगे थे, लेकिन उन्हें मिले पूरे 60.96 करोड़ रुपए (9 मिलियन डॉलर)। हिरल का यह प्रोजेक्ट वेबसाइट के इतिहास में सबसे कामयाब अभियानों में शूमार हो गया है।
ऐसा क्या खास है इस जैकेट में
हिरल का डिजाइन किया यह जैकेट दुनिया का सर्वश्रेष्ठ जैकेट बताया जा रहा है। इसमें 15 ऐसी विशेषताएं हैं जो किसी अन्य जैकेट में नहीं हैं। इसमें बिल्ट-इन तकिया (नेक पिलो), आई मास्क, दस्ताने, इयरफोन होल्डर, ड्रिंक पॉकेट, सभी आकार की डिवाइस के लिए पॉकेट शामिल हैं। इसकी सबसे बड़ी विशेषता फोन चार्जर पॉकेट है।
एक ही बार में 70,000 ऑर्डर
- हिरल ने राशि जुटाने के लिए 58 दिन की समयसीमा तय की थी, लेकिन महज सात घंटों में ही वे अपने लक्ष्य पर पहुंच गए।
- उनका यह ऑनलाइन फंडराइजर किकस्टार्टर पर कपड़ों से जुड़ा सबसे सफल अभियान हो गया है।
- कुल मिलाकर यह अभियान वेबसाइट इतिहास का चौथा सबसे सफल अभियान बन गया है।
- हिरल के अभियान को सपोर्ट करने वाले करीब 45,000 लोगों ने 70,000 जैकेट के ऑर्डर दे दिए हैं। नवंबर तक इनकी डिलिवरी होना है।
- चार स्टाइल में आने वाले इस जैकेट की कीमत करीब 5900 रुपए से लेकर 7900 रुपए तक है।
29 वर्षीय हिरन केलोग स्कूल ऑफ मैनेजमेंट से एमबीए कर रहे हैं। उन्हें अपनी पत्नी योगांशी से मिलने के लिए वेस्ट कोस्ट जाना पड़ता है। बकौल हिरन, मैं आए दिन अपना तकिया भूल जाता था और एयरपोर्ट पर हर बार नया खरीदना पड़ा था। वहीं से मुझे ऐसा जैकेट बनाने का विचार मिला।
क्या है Kickstarter.com
यह अमेरिक स्थित ग्लोबल क्राउडफंडिंग प्लेटफॉर्म है। कंपनी का मिशन ऐसे लोगों की मदद करना है, जिनके पास क्रिएटिव आइडियाज़ तो हैं, लेकिन उन्हें पूरा करने के लिए धन नहीं है। कंपनी के पास 78 लाख बैकर्स हैं यानी ऐसे लोग जो प्रोजेक्ट पर पैसा लगाते हैं। अब तक कंपनी दो लाख क्रिएटिव प्रोजेक्ट्स के लिए 1.5 अरब डॉलर जुटा चुकी है। पैसा लगाने वालों को कंपनी रिवॉर्ड देती है और नए-नए प्रोजेक्ट का दुनिया में सबसे पहले अनुभव करने का मौका देती है।