Move to Jagran APP

विधानसभा पर 'आतंकी हमला' : मॉकड्रिल

विधान सभा पर आतंकी हमला हो गया। जिसने सुना भौचक रह गया। पटना पुलिस महकमे में खलबली मच गई। पुलिस का कारवां विधान सभा की ओर कूच कर गया।

By Mrityunjay Kumar Edited By: Published: Thu, 18 Dec 2014 08:38 PM (IST)Updated: Thu, 18 Dec 2014 08:43 PM (IST)
विधानसभा पर 'आतंकी हमला' : मॉकड्रिल

पटना। विधान सभा पर आतंकी हमला हो गया। जिसने सुना भौचक रह गया। पटना पुलिस महकमे में खलबली मच गई। पुलिस का कारवां विधान सभा की ओर कूच कर गया। एसएसपी जितेन्द्र राणा ने एक ओर से कमान संभाली, तो दूसरी टीम का नेतृत्व सिटी एसपी शिवदीप लांडे ने किया। परिसर में गोली और बमों के धमाके गूंज उठे। दोनों तरफ से गोली चलने लगी। बख्तरबंद गाड़ी में सिटी एसपी पहुंचे। जिले के सभी डीएसपी ने टुकड़ी के साथ मोर्चा ले लिया। आसपास का इलाका खाली करा दिया। विधान सभा की ओर जाने वाले सभी रास्तों पर आवागमन रोक दिया गया। विधान मंडल में मंत्री बैठे सरकारी काम निपटा रहे थे। आला अफसरों के माथे पर बल पड़ा था। दोनों ओर से गोलीबारी के बीच लगभग 25 मिनट के अंदर दो आतंकियों को ढेर कर दिया गया। आधा दर्जन आतंकी गिरफ्त में लिए गए। पुलिस कप्तान ने ऐलान किया - आपरेशन अमर ज्योति सफल रहा। दरअसल, यह पटना पुलिस का मॉक ड्रिल था।

loksabha election banner

दोपहर का डेढ़ बजा था। विधान सभा के पास और सचिवालय थाने के सामने भारी पुलिस अमला पहुंचा था। सभी रास्तों पर आवागमन रोक दिया गया था। वाहनों का रास्ता बदल दिया गया। जिसने कारण पूछा, तैनात जवान बोल पड़ते - जल्दी भागो, विधान सभा में आतंकी घुस गए हैं। तेज रफ्तार में बख्तरबंद गाडिय़ां विधान सभा के अंदर पहुंचने लगी। एसएसपी राणा गेट के पास पहुंच गए। सिटी एसपी लांडे बख्तबंद गाड़ी में परिसर की घेराबंदी करते रहे। एएसपी विवेकानंद, डीएसपी रामाकांत, डॉ. शिब्ली नोमानी जवानों की टुकड़ी के साथ झाडिय़ों में मोर्चा संभाल चुके थे। इसी बीच गोलियों की तड़तड़ाहट गूंजने लगी। पुलिस ने जवाबी फायर खोल दिया। दो आतंकी परिसर में ढेर हो गए। गोली और बम की आवाज से पूरे इलाके अफरा तफरी मच गई। इसके पूर्व पुलिस ने पूरे क्षेत्र खाली करवाकर अपने कब्जे ले लिया। करीब आधा घंटा बाद हकीकत पता चलने पर स्थिति सामन्य हुई। इस आपरेशन को अमर ज्योति नाम दिया गया था।

पाकिस्तान के पेशावर आर्मी स्कूल में हुए आतंकी हमले के बाद देशभर में अलर्ट कर दिया गया है। केन्द्रीय मंत्रालय की सलाह कि सभी संवदेनशील स्थानों पर वर्तमान मानव संचालन प्रक्रिया के तहत मॉकड्रिल का आयोजन किया जाये।

और भूल गए हथियार

मॉकड्रिल के दौरान पुलिस बल द्वारा कई ऐसी खामियां देखने को मिली जिससे अगर आतंकियों से मुठभेड़ हो तो पुलिस की तैयारी का खुलासा हो जाता। आॅपरेशन के दौरान विधानसभा परिसर में जिस आतंकी को गोली लगी उसके हाथ से जवान हथियार तक लेना भूल गया। इस बीच एसएसपी ने जवान को पहले हथियार कब्जे में करने फिर सिर की तरफ से कवर करने का निर्देश दिया।

दुकानों में दुबक गए लोग

पुलिस द्वारा विधानसभा में मॉकड्रिल के पूर्व पुलिस प्रशासन ने आने जाने का रास्ता बंद कर दिया। अचानक भारी संख्या में पुलिस फोर्स और अफरा तफरी को देख हर तरफ यहीं शोर था कि विधानसभा में आतंकी घुस गए हैैं। दोपहर करीब डेढ़ बजे विधानसभा के अंदर से गोलियों की आवाज आईं। जिसके बाद आसपास के दुकानदार और राहगीर सन्न हो गए कहीं भगदड़ मच गई तो कहीं दुकानों में दुबक गए लोग। करीब एक घंटे बाद लोगों को मालूम चला कि पुलिस आतंकी घटना को देखते हुए मॉकड्रिल कर रही हैै। जिसके बाद स्थिति सामान्य हुई।

सिमी सदस्यों से खतरा

पाकिस्तान के पेशावर में हुए आतंकी हमले के बाद बिहार सहित अन्य प्रदेशों को अलर्ट किया गया है। जिसमें बिहार की राजधानी पटना को अतिसंवेदनशील माना जा रहा हैै। आइबी द्वारा पुलिस को अलर्ट किया गया हैै। बताया जा रहा है कि प्रतिबंधित सिमी सदस्यों से भी खतरा हो सकता है। जो खंडवा जेल (मध्यप्रदेश) से फरार हो गए थे। मालूम हो कि पटना व बोधगया ब्लास्ट में सिमी का हाथ था।


Jagran.com अब whatsapp चैनल पर भी उपलब्ध है। आज ही फॉलो करें और पाएं महत्वपूर्ण खबरेंWhatsApp चैनल से जुड़ें
This website uses cookies or similar technologies to enhance your browsing experience and provide personalized recommendations. By continuing to use our website, you agree to our Privacy Policy and Cookie Policy.