Pegasus Snooping Case: पेगासस जासूसी मामले के खिलाफ जयपुर में कांग्रेसियों ने किया प्रदर्शन

Pegasus Snooping Case गोविंद सिंह डोटासरा ने कहा कि भाजपा अब भारतीय जासूसी पार्टी बन गई है। देश की सुरक्षा के साथ खिलवाड़ हो रहा है। लोगों की निजता भंग की जा रही है। भाजपा से सहमति ना रखने वालों पर कार्रवाई करवाई जा रही है।

By Sachin Kumar MishraEdited By: Publish:Thu, 22 Jul 2021 05:27 PM (IST) Updated:Thu, 22 Jul 2021 05:27 PM (IST)
Pegasus Snooping Case: पेगासस जासूसी मामले के खिलाफ जयपुर में कांग्रेसियों ने किया प्रदर्शन
पेगासस जासूसी मामले के खिलाफ जयपुर में कांग्रेसियों ने किया प्रदर्शन। फाइल फोटो

जागरण संवाददाता, जयपुर। पेगासस जासूसी मामले में सुप्रीम कोर्ट से न्यायिक जांच की मांग और निजता हनन का आरोप लगाते हुए राजस्थान कांग्रेस के कार्यकर्ताओं ने जयपुर के सिविल लाइंस फाटक के बाहर सभा की। सभा के बाद प्रदेश अध्यक्ष गोविंद सिंह डोटासरा और मंत्रियों की अगुवाई में कांग्रेस कार्यकर्ता राजभवन के लिए रवाना हुए तो पुलिस ने उन्हें रोक लिया। इस दौरान नेताओं की पुलिस के साथ हल्की झड़प हुई। सभा को संबोधित करते हुए डोटासरा ने कहा कि भाजपा अब भारतीय जासूसी पार्टी बन गई है। देश की सुरक्षा के साथ खिलवाड़ हो रहा है। लोगों की निजता भंग की जा रही है। भाजपा से सहमति नहीं रखने वालों पर केंद्रीय एजेंसियों के माध्यम से कार्रवाई करवाई जा रही है।

इस मौके पर युवक कांग्रेस के प्रदेश अध्यक्ष गणेश घोघरा और विधायक गोविंद मेघवाल ने राज्यपाल कलराज मिश्र को केंद्र सरकार का एजेंट बताते हुए कहा कि राजभवन से वही होता है, जो दिल्ली से कहा जाता है। परिवहन मंत्री प्रताप सिंह खाचरियावास, ऊर्जा मंत्री डॉ. बीडी कल्ला, चिकित्सा मंत्री डॉ. रघु शर्मा, उच्च शिक्षा राज्यमंत्री सुभाष गर्ग, वनमंत्री सुखराम विश्नोई, महिला व बाल विकास मंत्री ममता भूपेश सहित एक दर्जन विधायकों ने भी सभा को संबोधित किया। उधर, भाजपा के प्रदेश प्रवक्ता रामलाल शर्मा ने कहा कि बिना साक्ष्य के कांग्रेस जासूसी का आरोप लगा रही है। राजस्थान में कांग्रेस जनता का ध्यान मुद्दों से भटकाना चाहती है। राज्य की अशोक गहलोत सरकार जनता की उम्मीदों पर खरी नहीं उतरी है। 

गौरतलब है कि राजस्थान के पूर्व उपमुख्यमंत्री सचिन पायलट ने लंबे समय बाद चुप्पी तोड़ते हुए कहा कि कांग्रेस आलाकमान सरकार और संगठन को बेहतर करने को लेकर कदम उठा रहा है। आलाकमान बहुत जल्द आवश्यक निर्णय करेगा। उन्होंने कहा कि जो भी फैसला हो, लेकिन उसमें हमारी राय आनी चाहिए। पायलट ने कहा कि मैंने 20 सााल से देखा है कि कांग्रेस नेतृत्व जो निर्णय कर लेता है, उसे सभी स्वीकार करते हैं। नेतृत्व के निर्णय का सभी कार्यकर्ता सम्मान करते हैं,यह कांग्रेस की सदियों पुरानी परंपरा है। मुख्यमंत्री अशोक गहलोत का नाम लिए बिना पायलट ने कहा कि हमने जो मुद्दे उठाए थे, उनके बारे में सब जानते हैं। हमने आलाकमान के सामने सुझाव रखे थे, जिससे आने वाले समय में लोगों को ज्यादा से ज्यादा आशीर्वाद मिले। हमें जो कहना था, वह नेतृत्व के समक्ष कह दिया। बुधवार देर शाम मीडिया से बात करते हुए पायलट ने कहा कि जिन लोगों ने पार्टी के लिए मेहनत की, सबकुछ न्योछावर किया, उन्हें सम्मान मिलना चाहिए। पेगासस मामले की चर्चा करते हुए पायलट ने कहा कि लोग जानते हैं कि किस संस्था या व्यक्ति के माध्यम से अवैध तरीके से फोन हैक किया गया है। 

chat bot
आपका साथी