प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का पूर्वोदय का सपना पूरा करने में ओडिशा की अहम भूमिका : प्रधान

ओडिशा भाजपा की प्रदेश कार्यकारिणी को संबोधित करते हुए पेट्रोलियम मंत्री धर्मेंद्र प्रधान ने कार्यकर्ताओं को संगठन को मजबूत करने के साथ-साथ ओडिशा समेत 130 करोड़ से अधिक देशवासियों के सामाजिक और आर्थिक उत्थान के लिए काम करने की अपील की।

By Krishna Bihari SinghEdited By: Publish:Mon, 28 Jun 2021 09:27 PM (IST) Updated:Mon, 28 Jun 2021 09:27 PM (IST)
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का पूर्वोदय का सपना पूरा करने में ओडिशा की अहम भूमिका : प्रधान
धर्मेंद्र प्रधान ने कहा है कि पूर्वोतर भारत के विकास में ओडिशा की अहम भूमिका होगी।

नई दिल्ली, जेएनएन। पूर्वोतर भारत के विकास के प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के सपने को पूरा करने में ओडिशा की अहम भूमिका होगी। ओडिशा भाजपा की प्रदेश कार्यकारिणी को संबोधित करते हुए पेट्रोलियम मंत्री धर्मेंद्र प्रधान ने कार्यकर्ताओं को संगठन को मजबूत करने के साथ-साथ ओडिशा समेत 130 करोड़ से अधिक देशवासियों के सामाजिक और आर्थिक उत्थान के लिए काम करने की अपील की।

धर्मेंद्र प्रधान के अनुसार ओडिशा के लोगों ने विधानसभा और लोकसभा चुनावों में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व पर अडिग विश्वास व्यक्त किया है। प्रधानमंत्री ने भी पूर्वोदय की परिकल्पना में ओडिशा को सर्वोच्च प्राथमिकता दी है। उन्होंने कहा कि ओडिशा के पुनर्निर्माण के लिए धन की कोई कमी नहीं होगी।

उन्होंने कार्यकर्ताओं से 21वीं सदी में ओडिशा को आगे लाने, राज्य को गरीबी से बाहर निकालने और रोजगार बढ़ाने के लिए सोशल मीडिया के जरिए लोगों की समस्याएं सरकार तक पहुंचाने के लिए काम करने का आह्वान किया। हमारा लक्ष्य सिर्फ सत्ता की जिम्मेदारियों और पदों पर बैठना नहीं, बल्कि एक बड़े लक्ष्य के साथ 4.5 करोड़ ओडिया लोगों के जीवन में एक मौलिक परिवर्तन लाना होना चाहिए।

धर्मेंद्र प्रधान ने मन की बात कार्यक्रम में उद्योग सचिव गुरुप्रसाद महापात्र को याद करने को प्रधानमंत्री के ओडिशा के लोगों के प्रति प्रेम का प्रतीक बताया। कोरोना संक्रमण के कारण महापात्रा की मौत हो गई थी, लेकिन संक्रमण के दौरान भी वे आक्सीजन की आपूर्ति सुनिश्चित करने की कोशिशों में लगे रहे थे। काम के प्रति इस समर्पण के कारण प्रधानमंत्री ने उन्हें कर्मयोगी कहा है। प्रधान ने कहा कि प्रधानमंत्री ओडिशा की संस्कृति से जुड़े हुए हैं। ओडिशा के लोगों के प्रति उनके इस प्रेम को घर-घर तक पहुंचाना होगा।

chat bot
आपका साथी