Odisha Bandh: ओडिशा बंद का व्‍यापक असर, सड़कों पर सन्‍नाटा; वाम दलों ने आंदोलन तेज करने की दी चेतावनी

Odisha Bandh Today देश में पेट्रोल-डीज़ल और गैस की बढ़ती कीमतों के खिलाफ लेफ्ट पार्टियों ने आज ओडिशा बंद का आह्वान किया है। इसके मद्देनज़र लेफ्ट पार्टियों ने मोदी सरकार के खिलाफ विरोध प्रदर्शन किया और रेलों को भी रोका।

By Babita KashyapEdited By: Publish:Thu, 15 Jul 2021 09:25 AM (IST) Updated:Thu, 15 Jul 2021 09:46 AM (IST)
Odisha Bandh: ओडिशा बंद का व्‍यापक असर, सड़कों पर सन्‍नाटा; वाम दलों ने आंदोलन तेज करने की दी चेतावनी
आज बृहस्पतिवार को सुबह 6 बजे से दोपहर 12 बजे तक 6 घंटे के लिए ओडिशा बंद

बालेश्वर, जागरण संवाददाता। वामपंथी दलों के साथ कांग्रेस के सहयोग से 6 घंटे का ओडिशा बंद का व्यापक असर उत्तर ओडिशा के भद्रक, बालेश्वर और मयूरभंज जिलों में दिख रहा है। आज सुबह 6 बजे से ही वामपंथी दलों के विभिन्न नेता और कार्यकर्ता तथा कांग्रेस से जुड़े विभिन्न नेता और कार्यकर्ता हाथों में झंडे लिए सड़कों पर घूमते देखे गए। इसी के साथ बालेश्वर रेलवे स्टेशन पर वामपंथी दलों और कांग्रेस के कार्यकर्ताओं ने मिलकर रेल-रोको का भी आयोजन किया। जागरण से बातें करते हुए इन नेताओं ने कहा कि कोरोना के चलते आज जहां आम जनता के बीच भय का वातावरण छाया हुआ है लोगों की जीवन और जीविका दोनों खतरे में पड़ गई है।

ओडिशा बंद के दौरान बालेश्वर में रेल रोको करते वामपंथी नेता और कार्यकर्ता

वहीं दूसरी ओर केंद्र सरकार द्वारा मनमानी ढंग से तेल, रसोई गैस और खाने-पीने के सामानों की आसमान छूती कीमतों को बढ़ाने के कारण लोगों का जीना मुश्किल हो गया है। इन नेताओं ने कहा यह समस्या पूरे देश की समस्या है लेकिन ओडिशा बंद करने की घोषणा का कारण यह है कि राज्य की बीजू जनता दल की सरकार भारतीय जनता पार्टी के साथ मिलकर काम करने में लगी है क्योंकि आज तक कभी भी बीजू जनता दल के नेता या कार्यकर्ता बढ़ती कीमत के विरोध में सड़कों पर नहीं उतरे तथा इसका विरोध नहीं कर रहे हैं। आसमान छूती कीमतों के बावजूद वह मौन बनकर बैठे हैं जिसके चलते हम लोगों को बाध्य होकर सड़कों पर उतरना पड़ा तथा ओडिशा बंद की घोषणा करनी पड़ी। 

आंदोलन तेज करने की दी चेतावनी

आखिर क्यों राज्य की बीजू जनता दल सरकार आसमान छूती कीमतों का विरोध नहीं कर रही है, केंद्र सरकार का विरोध क्यों नहीं कर रही है। यह अपने आप में एक बड़ा सवाल है। इन वामपंथी नेताओं ने यह भी कहा कि यदि सरकार बढ़ती कीमतों पर लगाम लगाने में कामयाब ना हुई तो आने वाले दिनों में आंदोलन को और तेज किया जाएगा। 

दुकान-बाजार पूरी तरह से बंद

उत्तरी ओडिशा के मयूरभंज जिला बालेश्वर जिला और भद्रक जिला में सुबह से ही दुकान-बाजार पूरी तरह से बंद रहे। कोरोना के चलते इन जिलों में बस का आवागमन पहले से ही ठप है लेकिन ओडिशा बंद के चलते घरेलू गाड़ियां भी सड़कों पर नहीं दिखी। वहीं बालेश्वर के रेलवे स्टेशन पर वामपंथी दलों के नेताओं और कार्यकर्ताओं द्वारा रेल रोको कार्यक्रम का आयोजन किया। यहां उल्लेखनीय है कि वामपंथी दलों के द्वारा पूर्व घोषणा के अनुसार आज बृहस्पतिवार को सुबह 6 बजे से दोपहर 12 बजे तक 6 घंटे के लिए ओडिशा बंद कार्यक्रम की घोषणा की गई थी।

chat bot
आपका साथी