सूरत के बिल्डर ने गधों से खिंचवाई अपनी 1 करोड़ी लैंड क्रूजर
बिल्डर तुषार घेलाणी लैंड क्रूजर कार के मेंटेनेस में आ रही परेशानियों से काफी नाराज थे और उन्होंने विरोध करने के लिए यह अनोखा तरीका निकाला। घेलाणी ने सिटी लाइट रोड के जॉगिंग ट्रेक पर लैंड क्रूजर को गधों से खिंचवाया।
सूरत। आगे-आगे गधे और उनके पीछे बंधी एक करोड़ रुपए की लैंड क्रूजर कार। गुजरात के सूरत शहर में रोड से गुजरे इस अनोखे काफिले को देखकर हर कोई दंग रह गया और फोटो खींचने पर मजबूर हो गया। दरअसल, सूरत के बिल्डर तुषार घेलाणी लैंड क्रूजर कार के मेंटेनेस में आ रही परेशानियों से काफी नाराज थे और उन्होंने विरोध करने के लिए यह अनोखा तरीका निकाला। घेलाणी ने सिटी लाइट रोड के जॉगिंग ट्रेक पर लैंड क्रूजर को गधों से खिंचवाया।
शोरूम की सर्विस से नाराज है बिल्डर
बिल्डर तुषार घेलाणी ने बताया कि उन्होंने एक करोड़ रुपए में लैंड क्रूजर खरीदी थी। शुरुआत से ही इसमें काफी समस्याएं आने लगीं। शोरूम पर लेकर जाओ तो वह सही तरीके से सर्विस नहीं करते हैं। स्पेयर पार्ट बदलना हो तो मुंबई से मंगाए जाते हैं। चार दिन तक कार सर्विस स्टेशन में ही पड़ी रहती है। आरोप है कि ऑयल चेंज या ट्यूनिंग जैसे छोटे कामों के लिए भी 3-4 दिन तक कार रख ली जाती है।
पहले भी खिंचवाई गई थी जगुआर
गुजरात के अहमदाबाद में ऐसा ही एक मामला जून 2014 में भी सामने आया था। जब शोरूम की सर्विस से नाराज कार के मालिक राहुल ठाकुर ने 53 लाख की जगुआर कार को गधों से खिंचवाया था। राहुल का आरोप था कि कार बेचने से पहले शोरूम के मालिक पहले तो बड़े-बड़े दावे करते हैं, लेकिन बाद में एक छोटे से काम के लिए भी कई दिन तक शोरूम के चक्कर लगाने पड़ते हैं।