बोले कुंजवाल, गैरसैंण को बनाया जाए स्थायी राजधानी
पूर्व विधानसभा अध्यक्ष और कांग्रेस विधायक गोविंद सिंह कुंजवाल ने गैरसैंण को राज्य की स्थायी राजधानी बनाने की फिर से पैरवी की। उन्होंने इस पर सरकार से जल्द फैसला लेने को कहा।
देहरादून, [राज्य ब्यूरो]: पूर्व विधानसभा अध्यक्ष और कांग्रेस विधायक गोविंद सिंह कुंजवाल ने गैरसैंण को राज्य की स्थायी राजधानी बनाने की फिर से पैरवी की। उन्होंने कहा कि राज्य आंदोलनकारियों की भावनाओं का सम्मान करते हुए राज्य सरकार को इस संबंध में फैसला लेना चाहिए। अगर सरकार ऐसा नहीं करती तो यह राज्य आंदोलनकारियों का अपमान होगा।
यमुना कालोनी स्थित आवास पर पत्रकारों से बातचीत में पूर्व विधानसभा अध्यक्ष और विधायक गोविंद सिंह कुंजवाल ने कहा कि राज्य में बहुमत की सरकार है और गैरसैंण को लेकर जो वादे चुनाव से पहले किए गए थे, उन्हें पूरा किया जाए।
उन्होंने कहा कि इससे पलायन रुकेगा और रोजगार के साधन विकसित होंगे। गैरसैंण को स्थायी राजधानी बनाया जाए और देहरादून को शीताकालीन राजधानी के तौर पर रखा जा सकता है।
उन्होंने एक सवाल के जवाब में कहा कि पूर्ववर्ती सरकार ने गैरसैंण में सुविधाएं विकसित कर राजधानी बनाने के लिए नींव रखी थी। मौजूदा सरकार को भी वहां पर और सुविधाएं विकसित करने पर ध्यान देना होगा। इसके बाद ही राज्य आंदोलनकारियों का सपना पूरा हो पाएगा।
इस मौके पर कांग्रेस की ओर सदन में नेता प्रतिपक्ष के नाम पर हो रही देरी के सवाल पर उन्होंने कहा कि यह संगठन के स्तर से तय होगा है और जल्द संगठन नेता प्रतिपक्ष का नाम सर्वसम्मति से तय करेगा।
उधर, विपक्ष में रहते हुए सदन में इस मामले को उठाने वाले कैबिनेट मंत्री मदन कौशिक ने कहा कि भाजपा अपने शब्दों पर अडिग है और बहुत जल्द गैरसैंण को लेकर फैसला किया जाएगा। उन्होंने कहा कि भाजपा अपने विजन डॉक्यूमेंट में किए गए सभी वादे पूरा करेगी।
यह भी पढ़ें: उत्तराखंडः सीएम त्रिवेंद्र ने बांटे मंत्रियों में महकमे, साधा संतुलन
यह भी पढ़ें: उत्तराखंड की चौथी विधानसभा के निर्विरोध स्पीकर बने प्रेमचंद अग्रवाल
यह भी पढ़ें: पलायन रोकने के लिए बनेगी ठोस नीति: सीएम त्रिवेंद्र सिंह रावत