MCD Polls: पोलिंग बूथों पर दो EVM देख ना पड़ें उलझन में, रखा जाएगा इस कारण
ऐसा 11 वार्डों में उम्मीदवारों की संख्या 15 से अधिक होने के चलते करना पड़ रहा है, क्योंकि एक ईवीएम पर 16 बटन होते हैं और उस पर एक बटन नोटा का होगा।
नई दिल्ली (जेएनएन)। रविवार को होने जा रहे तीनों नगर निगम के चुनाव में 11 वार्डों के मतदाता वोट डालने के दौरान पोलिंग बूथ के अंदर दो-दो ईवीएम देखकर गुमराह न हो। दिल्ली राज्य निर्वाचन आयोग उनके मतदान बूथ पर दो-दो ईवीएम लगाएगा, मगर उन्हें मतदान करने के लिए केवल एक ईवीएम का बटन दबाना होगा। वह चाहकर भी दोनों ईवीएम के बटन नहीं दबा पाएंगे, क्योंकि उनका कंट्रोलर एक ही होगा।
दोनों में से किसी भी एक ईवीएम का बटन दबाते ही उनका वोट डल जाएगा। यह सब उनके वार्ड में 15 से अधिक उम्मीदवार होने के चलते होगा। राज्य निर्वाचन आयोग को तीनों नगर निगम चुनाव में पोलिंग बूथों की संख्या से अधिक ईवीएम लगानी पड़ेगी।
आयोग ने चुनाव के लिए 13,234 मतदान बूथ बनाए हैं, मगर उसे इन बूथों पर 13,770 ईवीएम लगानी होगी। ऐसा 11 वार्डों में उम्मीदवारों की संख्या 15 से अधिक होने के चलते करना पड़ रहा है, क्योंकि एक ईवीएम पर 16 बटन होते हैं और उस पर एक बटन नोटा का होगा। इसके चलते 15 उम्मीदवारों के नामों का ही बेल्ट पेपर लगाया जा सकेगा और इससे अधिक उम्मीदवार होने पर दूसरी ईवीएम लगानी पड़ती है।
यह भी पढ़ें: MCD Polls: हवाला की तर्ज पर शराब बांटने की तैयारी, जितना बड़ा नोट, उतना बड़ा ब्रांड
राज्य निर्वाचन आयोग को उत्तरी दिल्ली नगर निगम के विजय विहार, रोहिणी डी, रानीखेड़ा, प्रेम नगर व हैदरपुर और दक्षिण दिल्ली नगर निगम के ककरौला, छावला, राजनगर, महिपालपुर, वसंत विहार और अबूल फजल एंक्लेव वार्ड में 15 से अधिक उम्मीदवार किस्मत आजमा रहे हैं। उन वार्डों के 536 पोलिंग बूथों पर दो-दो ईवीएम लगाई जाएगी। इन वार्डों में 16 से लेकर 23 उम्मीदवार मैदान में है।
पूर्वी दिल्ली नगर निगम के किसी भी वार्ड के पोलिंग बूथ पर दो ईवीएम लगाने की नौबत नहीं आएगी। पूर्वी दिल्ली नगर निगम के 64 वार्ड और उत्तरी दिल्ली नगर निगम के 98 और दक्षिण दिल्ली नगर निगम के 99 वार्डों के पोलिंग बूथों पर एक-एक ही ईवीएम होगी।
यह भी पढ़ें: ...आखिर दिल्ली में क्यों है यमुना मैली, जानें उमा भारती की जुबानी