आने वाले वर्षों में आईटी क्षेत्र से जुड़े लगभग आधे कर्मचारी अप्रासंगिक हो सकते हैं: रिपोर्ट
आईटी कर्मचारियों का एक फोरम जल्द ही खुद को देश में तकनीकी क्षेत्र के पहले यूनियन के रूप में रजिस्टर्ड करवाने वाला है
नई दिल्ली (जेएनएन)। आईटी कंपनियों की ओर से बड़े पैमाने पर छंटनी के अनुमान के बीच आईटी कर्मचारियों का एक फोरम खुद को देश में तकनीकी क्षेत्र के पहले यूनियन के रूप में रजिस्टर्ड (पंजीकृत) करवाने वाला है। इस फोरम के उपाध्यक्ष वासुमति ने बताया, “फोरम फॉर इन्फोर्मेशन टैक्नोलॉजी कम्युनिकेशंस (फिटे) भारत में आईटी कर्मचारियों के लिए पहले संघ के रूप में औपचारिक रूप से पंजीकृत हो जाएगा।”
फिटे (FITE) आईटी कर्मचारियों का एक ग्रुप है, जिसमें 1,000 के करीब ऑनलाइन मेंबर और 100 के करीब एक्टिव मेंबर हैं। पीटीआई की एक रिपोर्ट में ऐसा कहा गया है। वासुमति ने पीटीआई को एक इंटरव्यू में बताया, “हम इसे अगले पांच महीनों के भीतर होने की उम्मीद कर रहे हैं।” देश में प्रमुख आईटी कंपनियों की ओर से कर्मचारियों के "अवैध निष्कासन" के बाद यह कदम सामने आया है।
इस समूह ने पूर्व में उन आईटी कर्मचारियों के लिए कई लड़ाईयां लड़ी हैं जो विभिन्न कंपनियों की ओर से बाहर कर दिए गए थे। यह रिपोर्ट कहती है कि ऑटोमेशन और विदेशी वीजा नियमों में सख्ती के कारण कई आईटी कंपनियों की ओर से बड़े पैमाने पर छंटनी की रिपोर्ट के बाद, आईटी श्रमिकों के हितों की रक्षा के लिए आईटी कर्मचारी संघ के गठन की आवश्यकता महसूस की गई है।