GST में सहयोग के लिए केंद्रीय मंत्रिमंडल ने मुख्यमंत्रियों का आभार जताया
केंद्रीय मंत्रिमंडल ने GST को एक जुलाई से लागू करने में सहयोग के लिए मुख्यमंत्रियों का आभार प्रकट किया है
नई दिल्ली (जेएनएन)। केंद्रीय मंत्रिमंडल ने जीएसटी को एक जुलाई से लागू करने में सहयोग के लिए मुख्यमंत्रियों का आभार प्रकट किया है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की अध्यक्षता में हुई कैबिनेट की बैठक के बाद जारी विज्ञप्ति के अनुसार, ‘प्रत्यक्ष कर की नई व्यवस्था 30 जून की मध्य रात्रि से लागू होगी।
इसी के साथ पूरे देश में करों की समान दरें लागू होने से वस्तुओं व सेवाओं की निर्बाध आवाजाही का नया युग शुरू होगा। इस बदलाव से कारोबार करना आसान होने के अलावा आम आदमी तथा उपभोक्ताओं पर करों का बोझ कम होगा।’ मुख्यमंत्रियों के प्रति आभार जताने के लिए कैबिनेट ने एक प्रस्ताव पारित किया। जीएसटी स्वतंत्र भारत का सबसे बड़ा कर सुधार है। यह भारत के संघीय लोकतंत्र की कामयाबी का प्रमाण होगा।
टेक्सटाइल क्षेत्र में काम करेंगे भारत-आस्टेलिया
भारत व आस्ट्रेलिया मिलकर टेक्सटाइल, कपड़े, हैंडलूम व फैशन के क्षेत्र में काम करेंगे। कैबिनेट ने दोनों देशों के बीच हुए एमओयू को मंजूरी देते हुए कहा कि इससे दोनों देशों को फायदा होगा।
दवा क्षेत्र में श्रीलंका से समझौते को मंजूरी
कैबिनेट ने श्रीलंका के साथ हुए एमओयू को मंजूरी दे दी है। इसमें परंपरागत व स्वदेशी दवाओं को प्रोत्साहन देने की दिशा में काम किया जाएगा। यह समझौता भारत के आयुष मंत्रलय ने श्रीलंका के स्वास्थ्य मंत्रलय के साथ किया है।
नीदरलैंड समझौते में संशोधन मंजूर
कैबिनेट ने नीदरलैंड के साथ किए समाजिक सुरक्षा समझौते में संशोधन को मंजूरी दे दी है। समझौता जून 2010 में हुआ था। इससे उन प्रवासियों को लाभ मिलता है जो नीदरलैंड में कामकाज के सिलसिले में रह रहे हैं। जनवरी 2013 में वहां की सरकार ने प्रवासियों को लेकर अपने नियमों बदलाव किया था।
आइएनएमएमएस को मंजूरी
नेवी की इंजीनियरिंग सर्विस आइएनएमएमएस को ग्रुप ए के तहत अधिसूचित करने को कैबिनेट ने मंजूरी दे दी। इससे योग्य युवा इसमें रुचि दिखाएंगे और नेवी की क्षमता व क्रियाशीलता में इसका सकारात्मक असर पड़ेगा।