बिहार: सिवान में देर रात बोलेरो-जीप की भिड़ंत में 4 लोगों की मौत
सिवान में एक बोलेरो और जीप की हुई जोरदार टक्कर में चार लोगों की मौत हो गई और दर्जनों लोग घायल हो गए हैं। टक्कर इतनी जोरदार थी कि वाहनों के परखच्चे उड़ गए ।
सिवान [जेएनएन]। सोमवार की देर रात करीब एक बजे जीप और बोलेरो की जोरदार भिड़ंत में चार लोगों की घटनास्थल पर ही मौत हो गई। आधा दर्जन लोग गंभीर रूप से घायल हुए हैं। यह ह्रदय विदारक दुर्घटना गुठनी थाना क्षेत्र के सेलौर चौराहे पर हुई। सूचना मिलने पर डीएसपी मुख्यालय कृष्ण मुरारी प्रसाद दल-बल के साथ मौके पर पहुंचे और घायलों को अस्पताल पहुंचाने का इंतजाम किया।
बताया जा रहा है बोलेरो पर सवार लोग बरात में शामिल होने के बाद लौट रहे थे। डीएसपी ने बताया कि सदर अस्पताल में चार लोगों के शव पहुंचे हैं। उन्होंने कहा कि एक वाहन गुठनी की ओर जा रहा था और दूसरा मैरवा से आ रहा था। दोनों वाहनों की आमने-सामने जोरदार भिड़ंत हो गई। दुर्घटना के बाद चीख-पुकार मच गई।
देर रात घटना होने और दुर्घटनास्थल पर अंधेरा होने के कारण आसपास के लोगों को पता नहीं चल सका। किसी ने सूचना दी तो काफी देर बाद पुलिस घटनास्थल पर पहुंची।
यह भी पढ़ें: पटना के इस फ्लैट में चल रहा था मौत का कारोबार, छापे में मिली लाखों की नशीली दवा
खबर लिखे जाने तक सदर अस्पताल में पहुंचे शवों की शिनाख्त नहीं हो सकी थी। पुलिस घटना का विवरण और मरने वालों की शिनाख्त की कोशिश में लगी हुई थी। अस्पताल में डॉक्टर घायलों के इलाज में जुटे हुए थे। गंभीर रूप से जख्मी लोगों को पटना रेफर किए जाने पर विचार भी किया जा रहा था। पुलिस ने चार की मौत की पुष्टि की है।
यह भी पढ़ें: लकड़ी चोर है BSSC का सचिव परमेश्वर राम, हत्या का भी है आरोप