आत्महत्या की नीयत से पुल से लगाई छलांग, रेलिंग में फंसने से बची जान
बिहार के समस्तीपुर जंक्शन पर सुबह के समय एक युवती ने आत्महत्या की नीयत से पुल से छलांग लगा दी। लेकिन किस्मत अच्छी थी कि वह पुल की रेलिंग में फंसकर गिरने से बच गई।
समस्तीपुर [जेएनएन]। बिहार के समस्तीपुर जंक्शन के उपरिगामी पुल से शनिवार की सुबह करीब साढ़े नौ बजे एक महिला यात्री ने आत्महत्या करने के लिए छलांग लगा दी। किस्मत अच्छी थी कि वह पुल की रेलिंग में फंसकर गिरने से बच गई। इस दौरान पुल पर अफरातफरी का माहौल उत्पन्न हो गया।
यात्रियों ने तत्काल रेल प्रशासन को जानकारी दी। मौके पर आरपीएफ और जीआरपी के अधिकारी व जवान पहुंच गए। विद्युत तार में सप्लाई बंद कराई गई। काफी मशक्कत के बाद महिला को किसी तरह उतारा गया।
सियालदह से जयनगर जाने वाली गंगासागर एक्सप्रेस में दुर्गापुर से समस्तीपुर के लिए मोतिहारी निवासी हिना कैशर अपने देवर अब्दुल बारिक के साथ सवार हुई। महिला यात्री के देवर ने बताया कि यात्रा के दौरान उसकी भाभी बाथरूम गई थी। इस दौरान पर्स से दो एटीएम कार्ड नीचे गिर गया।
महिला कार्ड के लिए ट्रेन से उतरने की जिद करने लगी, लेकिन उसने किसी तरह रोका। इस बीच ट्रेन समस्तीपुर जंक्शन पर पहुंच गई। उसका देवर ट्रेन से सामान निकालने लगा। इस बीच महिला प्लेटफॉर्म से उपरिगामी पुल पर पहुंच गई। अचानक उसने पुल से छलांग लगा दी। लेकिन रेलिंग के नीचे छज्जा में जाकर फंस गई। करीब आधा घंटे की मशक्कत के बाद आरपीएफ और जीआरपी ने महिला को वहां से निकाला।
रेल थानाध्यक्ष विनोद राम ने बताया कि महिला अपने देवर के साथ गंगासागर एक्सप्रेस से यात्रा कर रही थी। इसी बीच पुल से छलांग लगा दी। काफी प्रयास के बाद महिला को बचाया जा सका। महिला पिछले कुछ दिनों से मानसिक रूप से बीमार चल रही है।