पत्नी बोली- छोड़ दीजिए शराब पीना, पति ने जिंदा जला दिया
बिहार के बक्सर जिले में शराब पीने से मना करने पर पति ने पत्नी को जिंदा जला दिया। इससे पत्नी गंभीर रूप से जख्मी हो गई है। जीवन और मौत से लड़ रही है।
बक्सर [जेएनएन]। बिहार में शराबबंदी कानून को धरातल पर मूर्त रूप देने के लिए पुलिस-प्रशासन एड़ी-चोटी का जोर लगाए हुए हैं। ताकि, लोग अमन-चैन की जिंदगी जी सके। बावजूद, नशेबाज अपनी आदत से बाज नहीं आ रहे हैं।
नौबत यहां तक आ जा रही है कि शराबी पीने से मना करने पर लोगों की जान लेने पर भी उतारू हो जा रहे हैं। शनिवार को ब्रह्मपुर थाना क्षेत्र के रघुनाथपुर गांव में एक शराबी पति द्वारा शराब पीने से मना करने पर पत्नी को जिंदा जला देने की लोमहर्षक घटना से पूरे इलाके में सनसनी फैल गई।
वहीं, पूरे मामले को दबाने की खूब कवायद चली। बाद में ग्रामीणों द्वारा गंभीर रूप से झुलसी महिला को इलाज के लिए 14 किमी दूर मुरार गांव में इलाज कराया गया। लेकिन, मुरार पुलिस को भनक मिलते ही घायल महिला को प्राथमिक स्वास्थ्य केन्द्र में भर्ती कराया गया। लेकिन, यहां हालत बिगड़ते देख जिला मुख्यालय स्थित सदर अस्पताल रेफर कर दिया गया। जहां महिला जीवन और मौत से संघर्ष कर रही है।
मिली जानकारी के अनुसार उक्त गांव में शुक्रवार की देर शाम बब्लू कमकर नामक युवक शराब के नशे में चूर होकर जब घर आया तो नशे में लडख़ड़ाते देख पत्नी दूर्गा देवी द्वारा विरोध किया गया। पत्नी की बात नशे में धुत पति को नागवार गुजरा और आव देखा न ताव शरीर पर किरासन भरा बोतल उड़ेल कर आग लगा दिया।
शराबी के हैवानियत का अंदाजा इसी से लगाया जा सकता है कि जब पत्नी जलने लगी तो शराबी द्वारा उपर पिटाई की गई। इधर, इसकी भनक पाकर पड़ोस के लोगों द्वारा घायल महिला के भाई को बिक्रमगंज (रोहतास) फोन कर बुलाया गया।
पुलिसिया पचड़े के भय से महिला का भाई मुरार थाना कार्यालय से महज डेढ़ सौ मीटर की दूरी पर एक निजी अस्पताल में इलाज के लिए भर्ती कराया गया। हालांकि, इसकी सूचना रघुनाथपुर के ग्रामीणों द्वारा मुरार थाना को दी गई। जिसके बाद मुरार पुलिस द्वारा घायल महिला को इलाज के लिए प्राथमिक स्वास्थ्य केन्द्र में भर्ती कराया गया।
यह भी पढ़ें: शर्मनाक: डायन के आरोप में महिला को जिंदा जलाने का प्रयास
यहां चिकित्सकों द्वारा जिला मुख्यालय स्थित सदर अस्पताल रेफर कर दिया गया। मुरार थाना प्रभारी थानाध्यक्ष महेन्द्र प्रताप सिंह ने बताया कि घायल महिला का फर्द बयान लेकर ब्रह्मपुर थाना को प्राथमिकी दर्ज कराने के लिए भेज दिया गया है। मामले की छानबीन की जा रही है।
यह भी पढ़ें: चॉकलेट का लालच देकर पांच वर्षीय बच्ची के साथ दुष्कर्म